वर्ल्ड रैंकिंग में एक नंबर आ कर पुपरी के लाल व इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी विक्रम ने रच दिया इतिहास

बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन के द्वारा जारी की गई वरीयता सूची में 51414 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं विक्रम

 

टाटा स्टील जमशेदपुर के खेल विभाग में बतौर प्रबंधक कार्यरत हैं विक्रम

गरीब दर्शन / सीतामढ़ी / पुपरी : ” कौन कहता है आसमाँ में सुराख नहीं हो सकता ? एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों। ” इस पंक्ति को चरितार्थ कर दिखलाया है पुपरी के लाल एवं रेडक्रॉस पुपरी शाखा के आजीवन सदस्य उमेश विक्रम कुमार ने। बैडमिंटन खेल की देखरेख करने वाली विश्व भर की आधिकारिक संस्था बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन के द्वारा जारी की गई विश्व भर की पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों की वरीयता सूची में मेंस सिंगल ग्रुप के स्टैंडिंग लोअर 3 कैटगरी में उमेश विक्रम कुमार को शीर्ष स्थान प्रदान किया गया है। विक्रम ने 51414 अंकों के साथ अपने ग्रुप के विश्व के सभी पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों में सर्वोच्च्य स्थान प्राप्त कर अपना परचम लहराते हुये एक नया इतिहास रच दिया है। नगर परिषद जनकपुर रोड के कर्पूरी चौक निवासी उमेश प्रसाद एवं रीता देवी के सुपुत्र उमेश विक्रम कुमार बीआईटी मेसरा से बीटेक उत्तीर्ण होने के पश्चात कभी पलटकर पीछे नही देखा तथा अब तक कई दर्जन अंतरराष्ट्रीय व वर्ल्ड चैंपियनशिप के साथ – साथ पैरा ओलंपिक में भी देश के लिये मेडल जीत कर गौरान्वित कर चुके हैं। विक्रम को उस के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू दिल्ली में एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव खेल दिवस के अवसर पर राज्य व देश का मान बढ़ाने के लिये सम्मानित कर चुके हैं। विक्रम को राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के समक्ष संबोधन करने का भी सौभाग्य प्राप्त हो चुका है जो विरले को ही मिल पाता है। विक्रम के वर्ल्ड रैंकिंग नंबर एक बनने की खबर पा कर पुपरी वासियों में खुशी की लहर दौड़ गयी है और वे अपने लाल के ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुद को गौरान्वित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय खेलप्रेमी तथा आमजनों ने एक नई इबारत लिखने के लिये विक्रम को बधाई एवं शुभकामनायें दी है तथा कहा है कि विक्रम ने पूरे विश्व मे नंबर एक बन कर पुपरी, सीतामढ़ी एवं राज्य का नाम देश भर में रौशन किया है। उनको बधाई देने वालों में रेडक्रॉस पुपरी शाखा के सचिव अतुल कुमार, मो शाकीर हुसैन, मो मोतिउर रहमान आलमगीर, रणजीत कुमार मुन्ना, पंकज कुमार ओमी, मानस जालान, राकेश रंजन, अमरेन्द्र पांडेय, प्रभात कुमार चंदन, मो आफताब, मो शेरे अली, नागेश्वर कुमार, विकास कुमार, अनुभव कुमार कर्ण, विपुल कुमार, लखिन्द्र कुमार ठाकुर आदि शामिल हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *