बापूधाम महोत्सव के मंच से चंपारण को 285 करोड़ की 145 योजनाओं की सौगात

बापूधाम महोत्सव के मंच से चंपारण को 285 करोड़ की 145 योजनाओं की सौगात

मोतिहारी में चीनी मिल शुरू करने की दिशा में जल्द काम

बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज व केंद्रीय विद्यालय

मोतीझील के किनारे बनेगा मरीन ड्राइव

दिग्विजय भारद्वाज / गरीब दर्शन/मोतिहारी।

बापू की कर्मभूमि चंपारण की धरती से मंगलवार को विकास का बड़ा खाका सामने आया। पर्यटन विभाग की ओर से ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम महोत्सव-2026 का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिले को करीब 285 करोड़ रुपये की लागत वाली 145 विकास योजनाओं की सौगात दी। रिमोट के माध्यम से योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने सबसे बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मोतिहारी में चीनी मिल को शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय, मोतिहारी में तारामंडल एवं अटल कला भवन, मोतीझील के किनारे मरीन ड्राइव, मत्स्य समृद्धि क्लस्टर व फिश प्रोसेसिंग प्लांट सहित कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा की गई। एक से तीन सितंबर तक चलने वाले बापूधाम महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मोतिहारी और पूर्वी चंपारण में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, मत्स्य पालन, खेल, कला-संस्कृति और आधारभूत संरचना को नई गति मिलेगी।

बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज, पीपराकोठी की जगह बनेगा केंद्रीय विद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण भी शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय का निर्माण पहले पीपराकोठी में कराने का निर्णय लिया गया था, लेकिन आम जनता की मांग को देखते हुए अब इसे बरियारपुर में बनाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में वर्तमान में संचालित केंद्रीय विद्यालय की जगह इंडोर स्टेडियम बनाने की योजना है। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क तथा मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से भी बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने की योजना की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी।

मोतिझील के किनारे बनेगा मरीन ड्राइव

मोतिहारी शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास की दिशा में मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना को मरीन ड्राइव के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही अरेराज मंदिर तक जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की भी घोषणा की गई। मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की योजना भी बताई गई।

चीनी मिल शुरू करने की दिशा में जल्द शुरू होगा काम

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी में बंद चीनी मिल को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि चीनी मिल को शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों और स्थानीय स्तर पर रोजगार को बड़ी उम्मीद जगी है।
इसके अलावा मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण शीघ्र शुरू करने तथा मत्स्य क्षेत्र को उद्योग के रूप में विकसित करने की बात कही गई।

मोतिहारी में बनेगा अटल कला भवन

कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार से सहमति मिलने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी।
उन्होंने कहा कि एनएसडी कैंपस के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। इससे बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और उन्नत शोध के अवसर मिल सकेंगे।

रक्सौल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण पूरा, मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। मोतिहारी को भी हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक, लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज के जीर्णोद्धार और मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना के विकास की योजनाओं का भी उल्लेख किया।

पीएचडी छात्राओं को चार साल तक 10 हजार रुपये प्रतिमाह

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिहार में पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 4,600 है। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बिहार में 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं। इनमें ऑनलाइन शिक्षकों के साथ जेईई एवं नीट की तैयारी की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बिहार में मात्र 278 डिग्री कॉलेज थे, जबकि राज्य सरकार ने 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू कराया है।

9,214 स्वयं सहायता समूहों को 211 करोड़ की मदद

बापूधाम महोत्सव से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। राजस्व एवं भूमि सुधार, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन करने का निर्देश दिया। वहीं अभियान बसेरा के तहत सुयोग्य लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा दिया गया। मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। वहीं 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहयोग के लिए 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई।

सहयोग कार्यक्रम में सात लाख आवेदन, 96 प्रतिशत का निष्पादन

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सहयोग कार्यक्रम आम लोगों की समस्याओं का निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अब तक करीब सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार में एक करोड़ पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। पिछले दो महीनों में ही 35 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया है।

एक करोड़ लोगों को नौकरी-रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 के चुनाव से पहले बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने तथा सरकारी नौकरियों के अवसर सृजित कर एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है। जीविका दीदियों को पशु सखी के रूप में गाय एवं बकरी पालन से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना भी है।

खेती के लिए सिंचित भूमि 21 से बढ़कर 44 लाख हेक्टेयर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 तक बिहार में खेती के लिए करीब 21 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो अब बढ़कर करीब 44 लाख हेक्टेयर हो गई है। उन्होंने बाढ़ एवं जल प्रबंधन को लेकर कहा कि गंडक, कोसी, बागमती और गंगा नदियों के जलस्तर में वृद्धि से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

राधामोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई

मुख्यमंत्री ने स्थानीय सांसद राधा मोहन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं और उनका मार्गदर्शन मिलता रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति बिहार में एनएसडी कैंपस की स्थापना की सहमति देने के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं सांसद राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया।
समारोह में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक कृष्णनंदन पासवान, प्रमोद कुमार, राणा रणधीर, राजू तिवारी, सचिन्द्र प्रसाद सिंह, श्यामबाबू प्रसाद यादव, लालबाबू लाल प्रसाद गुप्ता, मो. फैसल रहमान, राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, विशाल कुमार, विधान पार्षद आफाक अहमद, डॉ. खालिद अनवर, प्रो. डॉ. वीरेन्द्र नारायण यादव सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, विभिन्न विभागों के सचिव, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे। बापूधाम महोत्सव तीन सितंबर तक चलेगा। महोत्सव के माध्यम से चंपारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को नई पहचान देने के साथ विकास की संभावनाओं को भी सामने रखा जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *