आपरेशन 3.0 में मोतिहारी पुलिस का दमदार प्रदर्शन

आपरेशन 3.0 में मोतिहारी पुलिस का दमदार प्रदर्शन

नाबालिग लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा से मुक्त कर राज्य में हासिल किया दूसरा स्थान

गरीब दर्शन/मोतिहारी।

मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूरे बिहार में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) मोतिहारी द्वारा ‘ऑपरेशन 3.0’ के तहत ऑर्केस्ट्रा में फंसी नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराने की कार्रवाई में जिले ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए विश्व मानव व्यापार दिवस के अवसर पर मोतिहारी पुलिस को सम्मानित किया गया। माननीय अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) ने पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, एएचटीयू प्रभारी सर्वेंद्र कुमार सिन्हा तथा सब-इंस्पेक्टर नवल किशोर को मानव तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में एएचटीयू की टीम लगातार मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के विरुद्ध अभियान चला रही है। ‘ऑपरेशन 3.0’ के तहत कई नाबालिग लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा के माध्यम से हो रहे शोषण से मुक्त कराकर सुरक्षित संरक्षण उपलब्ध कराया गया, जिससे तस्करी से जुड़े गिरोहों और अवैध ऑर्केस्ट्रा संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नाबालिगों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मोतिहारी पुलिस की इस उपलब्धि को राज्य स्तर पर सराहा जा रहा है। प्रशस्ति पत्र मिलने के बाद जिले के पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है और इसे मानव तस्करी के विरुद्ध चल रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *