मधुबन में भाजपा के नामांकन समारोह में जोरदार समर्थन
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राणा रंधीर सिंह के लिए की अपील
गरीब दर्शन / मधुबन –
यज्ञ स्थल के मैदान में भाजपा प्रत्याशी राणा रंधीर सिंह के नामांकन समारोह में भारी जनसैलाब उमड़ा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जहां एनडीए की सरकार है, वहां विकास, विश्वास और जनता का राज है। उन्होंने कहा कि बिहार ने रफ्तार पकड़ ली है। वृद्धा पेंशन को चार सौ से बढ़ाकर ग्यारह सौ रुपए कर दिया गया, 125 यूनिट बिजली को मुफ्त किया गया और जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दस-दस हजार रुपए उनके खातों में भेजे गए, जो पूरे देश में अनोखा उदाहरण है।अनुराग ठाकुर ने उपस्थित जनता से राणा रंधीर सिंह को चौथी बार विधायक बनाने का आह्वान किया। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेन्द्र कश्यप निषाद ने एनडीए सरकार को भारी बहुमत से बनाने की अपील की। ढाका विधायक पवन जायसवाल ने फिर से ‘जंगल राज’ न आने देने पर जोर दिया। निवर्तमान विधायक राणा रंधीर सिंह ने कहा कि वे मधुबन की जनता के अधूरे सपनों को पूरा करेंगे। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय सीताराम सिंह की याद करते हुए कहा कि वे भी जनता की सेवा को ही अपना जीवन समर्पित कर चुके हैं और अब वे उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि विनाश की राजनीति करने वाले लोग हैं, वहीं विकास पुरुष नीतीश कुमार ने बिहार को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि जनता इस बार विकास के आधार पर मतदान करेगी। सभा की अध्यक्षता भाजपा जिला संगठन अध्यक्ष सुनील सहनी ने की, जबकि संचालन आकाश गुप्ता ने किया। मौके पर जिला पार्षद संतोष सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंडल अध्यक्ष नीतेश सराफ, नगर पंचायत मुख्य पार्षद शंभू पासवान, वीरेंद्र सिंह, अशोक सिंह, परमा जायसवाल, मुरारी प्रसाद और किशोरी बैठा सहित कई गणमान्य लोगों ने सभा को संबोधित किया।सभा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उपस्थित थे, जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी और एनडीए सरकार के समर्थन में जोशपूर्ण रैली में भाग लिया।

