पंजाब में कम हो गये साढ़े तीन लाख वोटर
अशोक त्रिपाठी
पंजाब में इस बार जनता किसको सत्ता सौंपेगी, यह अनुमान लगाना अभी कठिन है। आम आदमी पार्टी को भगवंत मान पर ही भरोसा दिख रहा है लेकिन मतदाताओं की बदली गणित उनके अनुमान भी बदल सकती है। निर्वाचन आयोग ने एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। राज्य में जिन मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, उनमें से 14.60 लाख मतदाता कम हो गये हैं। दूसरी तरफ 9.97 लाख नये मतदाता जुड़ गये हैं। ये नये मतदाता किसको सत्ता सौंपेंगे, यह कोई नहीं बता सकता लेकिन जिन मतदाताओं ने आप को सत्ता सौंपी थी उनमें लगभग 14 लाख वोटर अब मतदान नहीं कर पायेंगे।
पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियां आई हैं। राज्य स्तर पर अंतिम मतदाता सूची में 7,97,263 नए मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि कुल 13,60, 316 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। जून महीने में एसआईआर की प्रक्रिया जब शुरू हुई थी, तब पंजाब में मतदाताओं की संख्या 2,14,61,043 थी। अब 14 अक्टूबर को जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या 2,01,00,727 है। जो योग्य मतदाता अब भी रह गए हैं वह ईसीआईनेट ऐप से ऑनलाइन या ऑफलाइन फॉर्म 6 भरकर अपने आपको मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, 14.05.2026 की अधिसूचना के मद्देनजर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की प्रक्रिया पंजाब में 25 जून 2026 से शुरू की गई थी। पंजाब को इस विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 के तीसरे चरण में शामिल किया गया था। पंजाब में 9 जून 2026 तक कुल 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे।
नोटिस जारी किए गए 35,49,036 मतदाताओं में से 86,038 मतदाताओं को व्यापक जांच और स्पीकिंग ऑर्डर के माध्यम से अयोग्य करार दिया गया था। ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल के कुल 1,93,94,435 मतदाताओं की तुलना में अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2,01,00,727 हो गई है, जो 3.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। अंतिम सूची के कुल 2,01,00,727 मतदाताओं में 1,03,76,026 पुरुष, 97,24,195 महिला और 506 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं की पहुंच को आसान बनाने के लिए सभी जिलों में पोलिंग स्टेशनों का रैशनलाइजेशन किया गया, जिससे पोलिंग स्टेशनों की संख्या 24,453 से बढ़कर 25,332 हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपील की कि जो योग्य व्यक्ति किसी भी कारण से अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी शामिल होने से रह गए हैं या नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराना चाहते हैं, वे ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन या अपने संबंधित ठस्व्े के माध्यम से फॉर्म नंबर 6 भरकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि ईसीआई ने एसआईआर पूरा कर चुके 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में छूटे हुए योग्य मतदाताओं और पहली बार वोट देने वाले युवाओं को वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया है।

