पूर्वी चंपारण के संग्रामपुर थाना में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात का जनता दरबार मंगलवार दोपहर 3:30 बजे से
गरीब दर्शन/मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण जिले के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात आज संग्रामपुर थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन करेंगे। यह कार्यक्रम आज 31 मार्च दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें क्षेत्र के आम नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं को सीधे एसपी के समक्ष रख सकेंगे। इस जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य पुलिस-प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम में भूमि विवाद, आपराधिक घटनाएं, पुलिस कार्रवाई में देरी, पारिवारिक विवाद समेत अन्य स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। एसपी स्वर्ण प्रभात स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनेंगे और कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन भी करेंगे। वहीं, जटिल मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र के लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर जनता दरबार में पहुंचें, ताकि उनकी शिकायतों का सही तरीके से निराकरण किया जा सके। लोगों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम से आम जनता को राहत मिलती है और प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत होता है।

