महुआ महोत्सव-2026

दो दिवसीय महुआ महोत्सव 2026 का भव्य आगाज सांस्कृतिक कार्यक्रमों नें बांधा समा
गरीब दर्शन/हाजीपुर/महुआ।
दो दिवसीय महुआ महोत्सव–2026 का शुभारंभ पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग, महुआ नगर परिषद् के सभापति नवीन चन्द्र भारती,उप सभापति रोमी यादव, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं गणमान्य लोगों द्वारा किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक विविधता का उत्कृष्ट संगम देखने को मिला।
संध्या 04:30 बजे से प्रारंभ हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ज्ञान ज्योति स्कूल, सिंघारा द्वारा “बिहार दर्शन” पर आधारित नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात श्री अरुण कुमार उर्फ बलराम यादव, श्रीमती सपना राज (भगवानपुर) एवं श्री उपेन्द्र सिंह (महुआ) द्वारा क्रमशः गायन एवं लोकगीत प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
राजकीय कृत गांधी विद्या मंदिर, तिसिऔता के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत “जट-जटिन” नृत्य ने पारंपरिक लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त राधिका कुमारी (मदरना) एवं श्री उमेश राम (मुरौवतपुर, देसरी) द्वारा भी प्रभावशाली गायन प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राधा सिन्हा एवं ग्रुप द्वारा प्रस्तुत “शिव तांडव” एवं “पार्वती विवाह” की मनमोहक प्रस्तुति रही, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके उपरांत श्रीमती ऋवा चौबे द्वारा सुरीले गीतों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया।
–रितिका राज के गायन ने जीता दर्शकों का दिल
अंतिम चरण में सुश्री रितिका राज एवं विशाल सोनी द्वारा प्रस्तुत गायन कार्यक्रम इस दिवस का सबसे यादगार पल बन गया। रितिका राज की मधुर आवाज एवं ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। उनके गीतों पर उपस्थित दर्शक झूम उठे और पूरे पंडाल में उत्साह एवं आनंद का माहौल बन गया। दर्शकों ने उनके कार्यक्रम को खूब सराहा तथा तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस बार उनका कार्यक्रम विशेष रूप से आकर्षक एवं अत्यंत सफल रहा, जिसे लोगों ने भरपूर एंजॉय किया।महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। आगंतुकों ने इन स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।जिला पदाधिकारी, वैशाली ने आमजनों से अपील की है कि वे महुआ महोत्सव–2026 के आगामी दिनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने एवं नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।


