देवापुर संगम घाट से निकला आस्था का जनसैलाब

देवापुर संगम घाट से निकला आस्था का जनसैलाब, समाचार सम्प्रेषण तक तकरीबन पचास हजार से अधिक कांवरियों ने की जलभरण


— हजारों की संख्या में घाट से जलबोझी कर निकला डाक बम की सुरक्षा को लेकर अरेराज तक चप्पे – चप्पे पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात, अनहोनी रोकने हेतु सीसीटीवी से की जा रही निगरानी

सुभाष कुमार पाण्डेय

गरीब दर्शन/मोतिहारी
जब हजारों लोग एक ही धुन, एक ही रंग और एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं,तो वह दृश्य एक विहंगम और अनुशासित जन आंदोलन जैसा प्रतीत होता है। “बोल बम के नारा बा’बाबा एक सहारा बा।”जैसे भोजपुरी के नारे यह दर्शाते हैं कि धर्म और भक्ति जब स्थानीय संस्कृति और भाषा से जुड़ती है, तो उसका प्रभाव कितना गहरा और व्यापक हो जाता है।’ बाबा एक सहारा बा’ का उद्घोष केवल धार्मिक नारा नहीं है, बल्कि यह लाखों कांवरियों की अगाध श्रद्धा, कठिन तपस्या और सामूहिक सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर बोल बम के धुन के बीच निकले हजारों कांवरियों के जत्थे का सामाजिक सांस्कृतिक और मनोवैज्ञानिक विश्लेषण कर पाना बड़ा हीं कठिन कार्य है। इस जत्थे में केवल युवा ही नहीं बल्कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल होते हैं। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा लगाए जाने वाले सेवा शिविरों में भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था, समाज में आपसी भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। हजारों की संख्या में कांवरियों के निकलने से देवापुर संगम घाट और यात्रा मार्ग के छोटे दुकानदारों, फल विक्रेताओं, पूजा सामग्री बेचने वालों और परिवहन व्यवस्था से जुड़े लोगों को बड़ा आर्थिक संबल मिलता है। इस कड़ी में कई वर्षों से संगम घाट पर डाक बम व अन्य कांवरियों के लिए समाजसेवी एवं सांसद प्रतिनिधि सुभाष सिंह के नेतृत्व में लगातार चिकित्सा,भोजन, पानी, फलाहार एवं नाश्ता की व्यवस्था की गई है जहां स्वयंसेवक दिन -रात लगे एवं भिड़े हुए हैं। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा लगाए जाने वाले सेवा शिविर की व्यवस्था समाज में आपसी भाईचारे एवं सेवा भावना को मजबूत करते हैं। कावड़ यात्रा के दौरान कांवरिया गेरुआ या केसरिया वस्त्र धारण करते हैं। इस दौरान समाज का जातिगत आर्थिक और सामाजिक भेदभाव पूरी तरह समाप्त हो जाता है। ‘राजा हो या रंक’ सब एक दूसरे को बम या बाबा कहकर संबोधित करते हैं।
डाक बम की कांवड़ यात्रा, यात्रा का सबसे कठिन और तीव्र रूप है। इसमें श्रद्धालु बिना कहीं रुके या विश्राम किए 24 घंटे के भीतर लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय करके भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस यात्रा में भक्त गंगाजल लेकर दौड़ते या तेज गति से चलते हैं। यात्रा के दौरान कहीं भी रुकना वर्जित है। यदि कोई डाक बम रास्ते में रुक जाए या कांवर जमीन को छू ले तो यात्रा खंडित मानी जाती है। कांवड़ यात्रा भगवान शिव के भक्तों की एक वार्षिक और पवित्र तीर्थ यात्रा है जो मुख्य रूप से हिंदू कैलेंडर के सावन एवं भादो महीना में आयोजित की जाती है। संगम घाट से निकले डाक बम कल्ह गुरुवार को (त्रयोदशी तिथि ) अरेराज में स्थित बाबा सोमेश्वर नाथ को जलाभिषेक करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *