हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के अध्यक्ष बने गिरीश जुयाल

हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के अध्यक्ष बने गिरीश जुयाल

छह उपाध्यक्ष भी निर्वाचित, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने उपराज्यपाल से की मुलाकात

गरीब दर्शन / नई दिल्ली

हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के त्रैवार्षिक चुनाव में गिरीश जुयाल को राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। चुनाव में देश के 17 राज्यों से आए राष्ट्रीय परिषद के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। करुणाकर प्रधान को राष्ट्रीय सभापति और मधुसूदन गुप्ता को राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त के रूप में पुनर्निर्वाचित किया गया। चुनाव के दौरान अरोड़ा, वनिता शर्मा, डॉ. एम. रजनी, अवधेश शर्मा, दीपक कलिता और डॉ. ओम प्रकाश श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव जम्मू स्थित अग्रवाल धर्मशाला में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त संस्था के चुनाव में मंत्रालय के राज्य निदेशक (जम्मू-कश्मीर) तथा बिहार शिक्षा विभाग के अधिकारी सुनील श्रीवास्तव चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। राष्ट्रीय सभापति करुणाकर प्रधान ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी तीन वर्षों में संस्था के विकास और विस्तार के लिए मिलकर काम किया जाएगा। राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त मधुसूदन गुप्ता ने चुनाव में भाग लेने वाले सभी सदस्यों का आभार जताया। गिरीश जुयाल इससे पहले राष्ट्रीय सचिव के पद पर कार्य कर रहे थे। वर्ष 2023 में बनारस में हुए चुनाव के बाद उन्होंने संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। चुनाव अधिकारी के रूप में राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता अतुल गौतम और रागिनी शर्मा ने मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराया। राष्ट्रीय प्रशिक्षण आयुक्त यतेंद्र कुमार सक्सेना ने भी चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से औपचारिक मुलाकात की। विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने नए नेतृत्व के निर्वाचन पर खुशी जताई और संगठन के आगामी कार्यकाल में विस्तार की उम्मीद व्यक्त की। राष्ट्रीय परिषद एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक में राष्ट्रीय सभापति डॉ. करुणाकर प्रधान की अध्यक्षता में आगे की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। बैठक में डॉ. वेद प्रकाश सिंह को महासचिव, डॉ. अतुल कुमार को संयुक्त सचिव (वरिष्ठ) और ममता चौहान को संयुक्त सचिव (गाइड्स) के पद पर आगामी त्रैवार्षिक कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित उपाध्यक्षों ने सदस्यों के समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए संस्था के विस्तार और स्काउटिंग गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *