राज्य में भू-जल पुनर्भरण को मिलेगा बढ़ावा मुजफ्फरपुर एवं समस्तीपुर में बनेंगी कृत्रिम पुनर्भरण संरचनाएं

राज्य में भू-जल पुनर्भरण को मिलेगा बढ़ावा मुजफ्फरपुर एवं समस्तीपुर में बनेंगी कृत्रिम पुनर्भरण संरचनाएं

– केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, लघु जल संसाधन विभाग एवं WAPCOS के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

 गरीब दर्शन / पटना : उत्तरी बिहार में गहरे भू-जल स्तर के संरक्षण एवं पुनर्भरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत मुजफ्फरपुर एवं समस्तीपुर जिलों के जलोढ़ क्षेत्रों में कृत्रिम भू-जल पुनर्भरण संरचनाओं का निर्माण प्रदर्शनात्मक एवं प्रायोगिक आधार पर कराया जाएगा। इस संबंध में आज केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, पटना, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार एवं WAPCOS के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

सचिव, लघु जल संसाधन विभाग, श्री चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य वैज्ञानिक एवं योजनाबद्ध तरीके से गहरे जलभृतों (Deep Aquifers) का विकास करना तथा भू-जल संसाधनों की दीर्घकालिक उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड एवं राज्य स्तरीय अध्ययनों से यह सामने आया है कि उत्तरी बिहार के जिलों में गहरे जलभृतों में पर्याप्त जल उपलब्धता की संभावनाएं हैं। प्रस्तावित योजना के तहत इंजेक्शन वेल के माध्यम से उपचारित सतही जल को गहरे जलभृतों में प्रविष्ट कराया जाएगा। इससे भू-जल स्तर के पुनर्भरण, पेयजल की दीर्घकालिक उपलब्धता तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, पटना द्वारा WAPCOS के माध्यम से कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद संरचनाओं के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन्हें लघु जल संसाधन विभाग, बिहार को हस्तांतरित किया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. प्रवीण नायक, सदस्य, केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, मुख्यालय, नई दिल्ली; श्री सुधीर कुमार, उप मुख्य अभियंता, WAPCOS; श्री राजीव रंजन शुक्ला, क्षेत्रीय निदेशक, केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, पटना; श्री सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख, लघु जल संसाधन विभाग तथा श्री जगन्नाथ पासवान, मुख्य अभियंता, मुजफ्फरपुर, लघु जल संसाधन विभाग सहित तीनों संस्थानों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *