स्वास्थ्य मंत्री निशांत का साफ संदेश मिलावटखोरों के खिलाफ नहीं रुकेगी छापेमारी

स्वास्थ्य मंत्री निशांत का साफ संदेश मिलावटखोरों के खिलाफ नहीं रुकेगी छापेमारी

गरीब दर्शन / पटना : बिहार में खाद्य सुरक्षा, छापेमारी, सैंपल टेस्टिंग एवं अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई लागातर जारी है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इसे लेकर साफ़ साफ कहा है कि मिलावटखोरों पर रहम नहीं की जाएगी और छापेमारी जारी रहेगी।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि पिछले दिनों खाद्य पदार्थों जैसे दूध में ऑक्सीटोसिन, फॉर्मेलिन, डिटर्जेंट, यूरिया एवं स्टार्च जैसी हानिकारक चीजों की मिलावट से लेकर फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए प्रतिबंधित रसायनों के इस्तेमाल तक, खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें हमारे संज्ञान में आईं। इन पर संज्ञान लेते हुए हमने विभागीय स्तर पर टीम गठित कर छापेमारी करने तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं वितरण से जुड़े प्रतिष्ठानों से सैंपल एकत्र कर उनकी जांच कराने का निर्णय लिया।

इसके तहत अब तक राज्य के सभी 38 जिलों में 530 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं छापेमारी की गई है। अनियमितताएं पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित करने, विनिर्माण बंद कराने, नोटिस जारी करने और खाद्य सामग्री जब्त करने जैसी कार्रवाई की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान साल के 365 दिन जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान को लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी। इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए विभाग में मानव बल बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं सभी खाद्य कारोबारियों से अपील करता हूं कि वे खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पूरी ईमानदारी से पालन करें। वहीं, आम नागरिक भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि पर विशेष ध्यान दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी विभाग को अवश्य दें। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने प्रदेशवासियों को शुद्ध, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना हमारी विभागीय प्रतिबद्धता है। बिहार के लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *