एनडीए नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत का किया दावा विपक्ष पर साधा निशाना

एनडीए नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत का किया दावा विपक्ष पर साधा निशाना

गरीब दर्शन / पटना।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा अंतिम समय में प्रत्याशी परिवर्तन किए जाने के बाद भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं ने भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा की जीत का दावा किया है। साथ ही विपक्ष और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए हैं। केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी को चुनाव लड़ने के लिए उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिला, इसलिए उन्हें स्वयं मैदान में उतरना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज ने बिहार में टिकट वितरण को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं और जनता अब ऐसे दावों को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी और शब्दों के जाल से चुनाव नहीं जीते जा सकते, जनता विकास और विश्वसनीय नेतृत्व के आधार पर अपना फैसला करती है।
वहीं बिहार सरकार के मंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एनडीए की बैठक हो चुकी है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और इस बार भी जनता एनडीए के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त करेगी। राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी मुकाबले में प्रभावी स्थिति में नहीं है। प्रशांत किशोर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि यदि उन्हें मैदान आसान दिखाई देता है तो वे पूरी ताकत लगा लें, लेकिन चुनावी नतीजे उनके दावों के अनुरूप नहीं होंगे।
दीघा विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव चौरसिया ने भी भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भाजपा के संगठन की मजबूत पकड़ है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में बांकीपुर में लगातार विकास कार्य हुए हैं। उनका कहना था कि नीरज सिन्हा लंबे समय से राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं और जनता उनके पक्ष में मतदान करेगी। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख दलों ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। एनडीए जहां विकास कार्यों और संगठनात्मक मजबूती को अपनी ताकत बता रहा है, वहीं विपक्ष भी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहा है। ऐसे में चुनावी बयानबाजी के बीच अब सभी की निगाहें मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और अधिक तेज होने की संभावना है, जिससे बांकीपुर का राजनीतिक माहौल और भी गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *