अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या

अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या

दो बाइक सवार बदमाशों ने नजदीक से मारी गोलियां पुलिस जांच में जुटी

गरीब दर्शन / अमृतसर ( पंजाब )

पंजाब के अमृतसर में शनिवार शाम सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, मेकअप आर्टिस्ट और स्टाइलिस्ट मैड संधू उर्फ मधुसूदन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात लोहारका रोड पर करीब शाम छह बजे हुई। जानकारी के अनुसार, मैड संधू अपनी कार धुलवाने के बाद उसे लेने पहुंचे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर नजदीक से कई गोलियां चला दीं और फरार हो गए। दो से तीन गोलियां लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें संधू खून से लथपथ सड़क पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमृतसर कमिश्नरेट के डीसीपी (जांच) प्रभजोत सिंह विर्क ने बताया कि जांच प्रारंभिक चरण में है और पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है तथा परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। मैड संधू के इंस्टाग्राम पर दो लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। वे मेकअप आर्टिस्ट और स्टाइलिस्ट के अलावा पंजाबी फिल्मों में भी काम कर चुके थे तथा अमृतसर में सैलून चलाते थे। हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों द्वारा लेने का दावा किया गया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस हत्या के पीछे पुराना विवाद, व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *