उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव : आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं प्रदेश अध्यक्ष
गरीब दर्शन / नई दिल्ली।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव करते हुए शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पद से हटा दिया। उनकी जगह प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहीं आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
आराधना मिश्रा राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की पुत्री हैं। वह उत्तर प्रदेश विधानमंडल दल की नेता भी रह चुकी हैं। वहीं सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस विधायक दल का नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह को बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। अजय राय अगस्त 2023 से प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पार्टी ने उनके कार्यकाल और योगदान की सराहना की है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस फेरबदल को कांग्रेस के नए सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। आराधना मिश्रा पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी के ब्राह्मण चेहरे के रूप में जानी जाती हैं, जबकि इमरान मसूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का प्रमुख मुस्लिम चेहरा हैं।
नियुक्ति के बाद आराधना मिश्रा ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से जुटने की बात कही। वहीं अजय राय ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

