गाजियाबाद में 27 वीं मंजिल से गिरकर पीएचडी छात्र की मौत

गाजियाबाद में 27 वीं मंजिल से गिरकर पीएचडी छात्र की मौत

संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ हादसा, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

गरीब दर्शन / गाजियाबाद

गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसायटी में मंगलवार देर शाम 23 वर्षीय पीएचडी छात्र की 27वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के जोधपुर निवासी वैभव सिंह के रूप में हुई है। वैभव दिल्ली विश्वविद्यालय के दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज से पीएचडी की पढ़ाई कर रहे थे। जानकारी के अनुसार वैभव पिछले करीब एक सप्ताह से सोसायटी में अपनी बुआ संध्या और फूफा परमेंद्र के फ्लैट में रह रहे थे। मंगलवार 25 अगस्त की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच टावर सी-4 के नीचे खुले क्षेत्र में लिफ्ट के सामने उनका शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी के निवासियों ने पुलिस को सूचना दी। विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में वैभव को अकेले ऊपर की ओर जाते हुए देखा गया है। परिवार के लोगों को भी उनकी मौत के कारण के संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। इससे मामला संदिग्ध परिस्थितियों में दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *