हरसिद्धि सीट पर बड़ा मुकाबला तय : एनडीए प्रत्याशी कृष्णनंदन पासवान और राजद के राजेंद्र कुमार राम ने भरा नामांकन
गरीब दर्शन / हरसिद्धि –
विधानसभा चुनाव को लेकर हरसिद्धि क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी एवं बिहार सरकार के मंत्री कृष्णनंदन पासवान और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी राजेंद्र कुमार राम ने अरेराज स्थित डीसीएलआर सह निर्वाची पदाधिकारी इति चतुर्वेदी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ और गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, राजकिशोर सिंह कुशवाहा, पैक्स अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, तथा जिला महामंत्री राहुल तिवारी सहित कई नेता शामिल रहे। वहीं, कांग्रेस और महागठबंधन से जुड़े कई नेताओं जिनमें शशि भूषण सिंह, राजदेव यादव, जेपी यादव, राजेंद्र यादव, नरेंद्र बैठा, भागीरथ कुशवाहा, संजय यादव, राजकिशोर यादव आदि ने भी राजेंद्र कुमार राम को समर्थन का भरोसा दिलाया। नामांकन के बाद दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा व्यवस्था चाक- चौबंद रही, जिसके कारण नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मुकाबला सीधा एनडीए बनाम राजद इस नामांकन के साथ हरसिद्धि सीट पर मुख्य चुनावी जंग का समीकरण लगभग साफ हो गया है।


