देह – व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ 5 महिलाएं मुक्त 2 ग्राहक गिरफ्तार
गरीब दर्शन / रक्सौल।
पुलिस ने शहर में संचालित एक अवैध देह-व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है।छापेमारी के दौरान पांच महिलाओं (जिसमें एक नाबालिग भी शामिल) को मुक्त कराया गया, जबकि दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि नगर पालिका के पीछे कोईरिया टोला स्थित एक मकान में अवैध देह-व्यापार का धंधा चल रहा है। सूचना के आधार पर रक्सौल थाना में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने परिक्ष्यमान सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष हेमंत सिंह के नेतृत्व में उक्त स्थान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 5 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें एक विधि-विरुद्ध बालिका भी शामिल है। पुलिस ने मौके से दो ग्राहकों राजीव रंजन (मुजफ्फरपुर) और सतीश कुमार (मुरैना, मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 कंडोम, एक सिगरेट पैकेट, दो शक्ति वर्धक दवाएं, एचआईवी उपचार में प्रयुक्त दवाएं (एम्ट्रिसिटाबिन एवं टेनोफोविर टैबलेट), 6 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। इस संबंध में रक्सौल थाना कांड संख्या 186/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के संचालक एवं अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इस अभियान में रक्सौल थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल भी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखा जा सके।

