नौघरा बधार में दर्दनाक हादसा: पलटे ट्रैक्टर में लगी आग, दो किशोर जिंदा जले, मौके पर जायजा लेने पहुंचे मंत्री जमा खान
तुराब खान /गरीब दर्शन /चैनपुर (कैमूर):
चैनपुर थाना क्षेत्र के नौघरा सिवान में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। मिट्टी लदे ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलट जाने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे इंजन के नीचे दबे दोनों किशोर बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
*वाहन को पास देने के दौरान हुआ हादसा*
जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर से मिट्टी की ढुलाई की जा रही थी। मिट्टी खाली कर ट्रैक्टर वापस लौट रहा था। इसी दौरान नौघरा सिवान के पास सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे उतार दिया। संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित खाई में पलट गया।
हादसे के समय ट्रैक्टर पर चालक सहित तीन लोग सवार थे। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन दो किशोर ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गए।
*आग की लपटों में घिरे किशोर, नहीं मिला बचने का मौका*
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर पलटने के कुछ ही क्षण बाद उसमें अचानक आग लग गई। इंजन के नीचे दबे दोनों किशोर बाहर निकलने का प्रयास भी नहीं कर सके और आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों शव बुरी तरह जलकर क्षत-विक्षत हो गए।
*मृतकों की हुई पहचान*
मृतकों की पहचान नौघरा गांव निवासी कलामुद्दीन अंसारी के 15 वर्षीय पुत्र सेस अंसारी तथा हसीर धोबी के 14 वर्षीय पुत्र सेचन धोबी के रूप में की गई है। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
*प्रशासन और मंत्री ने लिया घटनास्थल का जायजा*
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। इसके बाद एसडीपीओ, एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद ज़मा खान ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से पलटे ट्रैक्टर को सीधा किया गया और मृतकों के अवशेषों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
*मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की उठी मांग*
इस दर्दनाक घटना के बाद नौघरा सहित आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा मिट्टी ढुलाई में लगे ट्रैक्टरों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

