गरीब दर्शन/पटना। चिकित्सा का पेशा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। मरीज के चेहरे पर मुस्कान लौटाना और जरूरतमंदों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना ही एक चिकित्सक की असली पहचान है। यह संदेश गुरुवार को छपरा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में आयोजित ओरिएंटेशन एवं व्हाइट कोट समारोह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को दिया। कॉलेज में एमबीबीएस के प्रथम बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित समारोह में स्वास्थ्य मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सफेद एप्रन पहनाकर चिकित्सा शिक्षा के नए सफर की शुरुआत कराई और सेवा की शपथ दिलाई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छपरा मेडिकल कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन की अनुमति मिलना बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सफेद एप्रन केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। चिकित्सकों को मरीजों को महज एक केस के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में देखना चाहिए। गरीब, जरूरतमंद और वंचित लोगों को उपचार में प्राथमिकता देना चिकित्सा पेशे की मूल भावना है। उन्होंने भावी चिकित्सकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अपने ज्ञान एवं कौशल को लगातार विकसित करने की सलाह दी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने, नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने और ग्रामीण इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में काम हुआ है। अब सात निश्चय-3 के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ के लक्ष्य को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। अस्पतालों में बेहतर आधारभूत संरचना, पर्याप्त चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी, जरूरी दवाएं, आधुनिक उपकरण और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराकर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज देना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि बिहार के किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े। चिकित्सकों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना भी विभाग की प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा की शपथ को अपने आचरण में उतारने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 के बाद बिहार में छह नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि 12 मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। राज्य के मेडिकल कॉलेजों में 1,846 चिकित्सा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को अधियाचना भेजी गई है। इसमें छपरा मेडिकल कॉलेज के लिए 74 चिकित्सा शिक्षकों के पद भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ योग्य शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के सम्मान और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) सीपी जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वास्थ्य मंत्री के साथ मांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव कौशलेन्द्र कुमार, डीन डॉ. (प्रो.) दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सा शिक्षक मौजूद रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, नैतिकता और मानवीय संवेदनाओं के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ ली। डीन डॉ. दीपक कुमार के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
