जनगणना 2027 को लेकर प्रशिक्षण का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
17 अप्रैल से स्व-गणना शुरू
गरीब दर्शन, मोतिहारी/सुगौली।
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं आवास गणना) को लेकर सुगौली प्रखंड के बीआरसी भवन में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कार्य की गंभीरता को समझने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले में कुल 37 चार्जों (प्रखंड एवं नगर निकायों) में जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित प्रशिक्षण 13 अप्रैल से शुरू होकर 24 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणकों को मकान सूचीकरण, घरों को नंबर देने, लेआउट मैप तैयार करने तथा परिवार से जुड़े 33 प्रकार के प्रश्नों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना देश की सोलहवीं एवं स्वतंत्र भारत की आठवीं जनगणना है, जो विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में से एक है। इसमें जुड़े सभी कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुगौली नूतन किरण, अपर चार्ज गणना पदाधिकारी पप्पू कुमार तथा फील्ड ट्रेनर मुकेश कुमार पटेल, राकेश कुमार श्रीवास्तव, प्रभुनाथ प्रसाद, राजेश कुमार, विनोद कुमार चौधरी एवं कुणाल कुमार चौबे मौजूद रहे। 17 अप्रैल से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया
जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि 17 अप्रैल से स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके तहत नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए नागरिकों को निर्धारित पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा, जिसके बाद ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर मकान सूचीकरण एवं परिवार से संबंधित जानकारी भरनी होगी। अंतिम सबमिट के बाद 11 अंकों की यूनिक एसई आईडी प्राप्त होगी।जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

