गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक : शादी सीजन में एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
गरीब दर्शन/ पकड़ीदयाल।
अनुमंडल पदाधिकारी पकड़ीदयाल ने गुरूवार को अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर शादी-विवाह के मौसम में एलपीजी सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य 14 अप्रैल 2026 से शुरू हुए विवाह सीजन के दौरान कमर्शियल (व्यावसायिक) गैस सिलेंडर की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखना तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाना रहा। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि समारोहों में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडर का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत को दूर करने के लिए एजेंसी संचालक पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी ने पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) को वितरण रिकॉर्ड की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे जवाबदेही सुनिश्चित होगी और सिलेंडर की कालाबाजारी या डायवर्जन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। बैठक में मौजूद एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

