210 मीट्रिक टन का विराट शिवलिंग : श्रद्धा से गूंज उठा इलाका

210 मीट्रिक टन का विराट शिवलिंग : श्रद्धा से गूंज उठा इलाका


कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर के लिए लाया गया 33 फीट ऊंचा दिव्य शिवलिंग

गरीब  दर्शन / केसरिया –

प्रखंड अंतर्गत कैथवलिया की पावन धरती मंगलवार को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनी, जब विश्व के सबसे बड़े निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में स्थापित किए जाने के लिए 33 फीट ऊंचा और 33 फीट गोलाकार, करीब 210 मीट्रिक टन वजन वाला विशाल शिवलिंग केसरिया पहुंचा। शिवलिंग के आगमन पर पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवलिंग को केसरिया में अभय कुमार सिंह के होटल परिसर में लाया गया, जहां केसरियावासियों ने विधिवत पूजन- अर्चना की। इसके बाद शिवलिंग को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसके गंतव्य स्थल कैथवलिया भेजा गया।शिवलिंग को लाने के लिए चकिया एसडीएम शिवानी शुभम, केसरिया बीडीओ कुमुद कुमार, सीओ पूनम मिश्रा, चकिया एसडीपीओ संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। इस दौरान केसरिया इंस्पेक्टर निकु कुमार सिंह, डुमरिया घाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार, केसरिया थानाध्यक्ष अनुज कुमार पांडेय, अपर थानाध्यक्ष गोपाल मिश्रा, एसआई मनीष मंडल, बादशाह चौहान, धनंजय कुमार, विपिन कुमार, इंद्रकांत कुमार, कल्याणपुर थानाध्यक्ष विनीत कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। शिवलिंग के आगमन की खबर मिलते ही केसरिया समेत आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े। चौक-चौराहों पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने फूल-माला अर्पित कर “ॐ नमः शिवाय” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। बिहार के सुप्रसिद्ध बाबा केशरनाथ महादेव मंदिर और महात्मा बुद्ध की ऐतिहासिक धरती पर यह दिन विशेष महत्व का रहा। जगह-जगह तोरण द्वार लगाए गए और श्रद्धा का सैलाब हर दिशा में उमड़ता दिखाई दिया।
स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि इतने विशाल और दिव्य शिवलिंग का आगमन केसरिया के धार्मिक मानचित्र को नई पहचान देगा। इस अवसर पर विराट रामायण मंदिर के सचिव ललन सिंह, क्वालिटी इंजीनियर संबोध झा, अभय कुमार सिंह, दुर्गा प्रसाद, सुरेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *