तेज रफ्तार कार ने पांच छात्रों को मारी टक्कर चालक गिरफ्तार

तेज रफ्तार कार ने पांच छात्रों को मारी टक्कर चालक गिरफ्तार

जीएनआईओटी कॉलेज के पास हुआ हादसा, कार जब्त एक छात्र को मामूली चोट

गरीब दर्शन / ग्रेटर नोएडा 

नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जीएनआईओटी कॉलेज के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े करीब पांच छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटना में प्रयुक्त कार का नंबर यूपी-16-सीबी-9473 है। जांच के दौरान कार चालक की पहचान मनीष पुत्र देवदत्त, निवासी लाडपुरा, कसना के रूप में हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया तथा दुर्घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। बताया गया कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर छात्रों से टकराई, जिससे कई छात्र सड़क पर गिर गए। हादसे में एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अन्य घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के आरोपों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। नॉलेज पार्क क्षेत्र में बड़ी संख्या में शिक्षण संस्थान होने के कारण यहां विद्यार्थियों की आवाजाही रहती है। हादसे के बाद कॉलेज क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहनों की गति पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *