शांति और सौहार्द से मनाएं होली का पर्व जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी

शांति और सौहार्द से मनाएं होली का पर्व जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी

 

गरीब दर्शन / मोतिहारी –

होली के पावन पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी आदेश में सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन के अनुसार होलिका दहन 02 मार्च 2026 की रात्रि को तथा होली 03 एवं 04 मार्च 2026 को मनाई जाएगी। विवादित स्थलों पर होलिका दहन न हो, इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को स्वयं स्थलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी।सभी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा सदस्यों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वी चंपारण समाहरणालय, मोतिहारी में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 02 मार्च की दोपहर से 05 मार्च 2026 तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06252-242418 जारी किया गया है। सभी अनुमंडलों में भी अलग-अलग नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। जिले के 531 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें मोतिहारी सदर अनुमंडल में 215, सिकरहना में 154, पकड़ीदयाल में 96, चकिया में 89, रक्सौल में 45 तथा अरेराज में 32 स्थान शामिल हैं। वरीय अधिकारियों को संबंधित अनुमंडलों की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। सभी थानों को अलर्ट मोड में रखा गया है। दंगा निरोधी दस्ता, SDRF, फायर सर्विस, चिकित्सा दल, एंबुलेंस एवं क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। थाना एवं प्रखंड स्तर पर भी QRT का गठन किया गया है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके।अफवाहों पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया की सघन निगरानी की जाएगी। भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। पर्व के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा तथा अश्लील गानों के प्रसारण पर भी सख्त रोक रहेगी। पूर्ण शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।नगर निकायों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सदर अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक एवं एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना को दें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *