किसान सलाहकार संघ की बैठक में सरकारी कर्मी का दर्जा व वेतनमान की मांग
गरीब दर्शन / मोतिहारी
जिला किसान सलाहकार संघ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मोतिहारी के गांधी मैदान प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष अजय कुमार तिवारी ने की। बैठक में बड़ी संख्या में किसान सलाहकारों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं को लेकर एकजुटता दिखाई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा फार्मर आईडी एवं केवाईसी कार्य के दौरान जनवरी माह की कड़ाके की ठंड में भी सुबह से देर शाम तक बिना अवकाश कार्य लिया गया। कई जिलों में अत्यधिक दबाव के कारण किसान सलाहकारों के बीमार पड़ने तथा कुछ स्थानों पर हृदयाघात से मौत होने की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया।
संघ की ओर से मांग की गई कि कार्य के दौरान मृत किसान सलाहकारों के आश्रितों को 20 लाख रुपये मुआवजा तथा अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही सभी किसान सलाहकारों को सरकारी कर्मी का दर्जा देते हुए नियमित वेतनमान लागू करने की मांग जोरदार तरीके से उठाई गई।
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि अधिकारियों द्वारा किसान सलाहकारों से डीसीएस, फार्मर आईडी सहित विभिन्न तकनीकी कार्य मौखिक आदेश पर कराए जा रहे हैं, जबकि विधानसभा में उन्हें प्रगतिशील किसान बताया जाता है। इस दोहरे रवैये पर संघ के सदस्यों ने आक्रोश व्यक्त किया। संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया तो प्रदेश संघ के नेतृत्व में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में सोनू कुमार सिंह, संजीव रंजन, राजीव रंजन कुमार, राघवेन्द्र कुमार, अनिल कुमार, बबुआकांत दास, पप्पू कुमार, संदीप कुमार, मदन पंडित, कन्हैया कुमार मिश्र, मैनेजर सहनी सहित सभी प्रखंड एवं अनुमंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का समापन एकजुटता और अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

