एनएच -19 पर अलग-अलग स्थानों पर दो सड़क हादसे तीन लोग घायल
गरीब दर्शन /कुदरा/ कैमूर भभुआ।
कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा भेजा गया।
पहली घटना एनएच-19 पर बजरंग लॉज के सामने फ्लाईओवर ब्रिज के ऊपर हुई। बताया जाता है कि तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दो लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान संजय कुमार (पिता– द्वारिका बिंद), निवासी सबराबाद थाना शिवसागर तथा अजय कुमार (पिता– हरिकेतन बिंद), निवासी चिलबिली थाना कुदरा के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एनएचएआई टीम ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
वहीं दूसरी घटना कुदरा थाना क्षेत्र के एनएच-19 स्थित सकरी मोड़ के पास हुई। यहां दो ट्रकों और एक बाइक के बीच टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार एक ट्रक सासाराम से मोहनिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मार दी। उसी समय एक बाइक सवार बीच से निकलने की कोशिश कर रहा था, तभी वह ट्रकों की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान किशन कुमार (पिता– संतोष सिंह), निवासी बैरिया थाना दुर्गावती के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।


