गरीब दर्शन/पटना:बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। अब अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, एक्स-रे और एमआरआई जांच, डॉक्टरों की सेवाएं, मरीजों के लिए बेड की उपलब्धता और एम्बुलेंस संचालन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़कर आम लोगों तक बेहतर इलाज पहुंचाना है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब मरीजों को भी शहरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से बिहार सरकार की ओर से ‘AI for a Healthier Bihar: From Innovation to Impact’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं और प्रस्तावित योजनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि तकनीक का लाभ तभी सार्थक होगा, जब उसका सीधा फायदा मरीजों को मिले।
जांच और बीमारी की पहचान में मिलेगी AI की मदद
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचों के विश्लेषण में एआई तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान में मदद मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जांच के बाद रिपोर्ट का तकनीकी विश्लेषण कर मरीजों को समय रहते आगे के उपचार के लिए भेजा जा सकेगा। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में उपलब्ध जांच उपकरणों का ऑडिट कराने पर भी जोर दिया गया।
दवाओं की आपूर्ति पर रहेगी डिजिटल नजर
सरकारी अस्पतालों में दवाओं की मांग, उपलब्धता, स्टॉक और भविष्य की जरूरतों का आकलन एआई के माध्यम से करने की योजना है। बारकोड, क्यूआर कोड और बैच नंबर के जरिए दवाओं की प्रामाणिकता और आपूर्ति शृंखला की निगरानी की जा सकेगी। इससे दवाओं की कमी और आपूर्ति में होने वाली अनियमितताओं का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी।
गांवों तक पहुंचेगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी एक बड़ी चुनौती है। एआई आधारित टेलीमेडिसिन व्यवस्था के माध्यम से दूरदराज के मरीजों को भी विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श दिलाया जा सकता है। इससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की अनावश्यक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और समय तथा पैसे की बचत होगी।
मोबाइल से मिलेगी अस्पतालों में खाली बेड की जानकारी
अस्पतालों में सामान्य वार्ड, आईसीयू और हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) के बेड की उपलब्धता ऑनलाइन करने की योजना पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने जोर दिया। उन्होंने बताया कि आईजीआईएमएस के निदेशक से इस संबंध में बातचीत हुई है। ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव है, जिससे मरीज और उनके परिजन मोबाइल के माध्यम से अस्पतालों में खाली बेड की वास्तविक स्थिति जान सकें। इससे गंभीर मरीजों को रेफर करने से पहले उपयुक्त अस्पताल का चयन करना आसान होगा।
दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
स्वास्थ्य विभाग दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस के साथ शुरुआती पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इन एम्बुलेंस में डिजिटल ईसीजी, ब्लड प्रेशर, पल्स और ऑक्सीजन मॉनिटरिंग की सुविधा होगी। जीपीएस से लाइव लोकेशन, अस्पतालों से डिजिटल संपर्क और विशेषज्ञ डॉक्टरों से वीडियो परामर्श की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। एम्बुलेंस में ही मरीज की मेडिकल रिपोर्ट संबंधित अस्पताल को भेजी जा सकेगी, ताकि उसके पहुंचने से पहले उपचार की तैयारी हो जाए।
AI बताएगा कहां खाली है ट्रॉमा बेड
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्मार्ट एम्बुलेंस को ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से जोड़ने की जरूरत है। एम्बुलेंस में मरीज की स्थिति का आकलन करने के बाद एआई के माध्यम से आसपास के अस्पतालों में ट्रॉमा बेड, आईसीयू, सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी। इसके आधार पर मरीज को उपयुक्त अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। अस्पताल को भी मरीज की स्थिति की जानकारी पहले ही भेज दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि एआई का इस्तेमाल केवल तकनीकी बदलाव तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका उद्देश्य मरीजों को समय पर उपचार, बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यशाला में स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, गेट्स फाउंडेशन के भारत कार्यालय की निदेशक अर्चना व्यास, तकनीकी विशेषज्ञों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सों, टेक्नीशियनों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।




