Monday, 23 November 2026▤ई-पेपरआज का अंक पढ़ें | सच की आवाज
निष्पक्ष खबर • निर्भीक आवाज
Garib Darshan विज्ञापन
ब्रेकिंग
भारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई, मोदी और बालेन शाह के बीच अहम समझौतेश्वसन रोगों की रोकथाम और बेहतर उपचार के लिए विशेषज्ञों का सहयोग जरूरी : स्वास्थ्य मंत्री निशांतमोहनिया नगर पंचायत में विजिलेंस की दबिश, 50 हजार रुपये रिश्वत लेते जेई गिरफ्तारकरोड़ों की संपत्ति के आगे भारी पड़ा बचपन का प्यार, थाने में गले मिलकर रो पड़े दो भाईबिहार में दवा दुकानों पर औषधि विभाग की छापेमारी, 34 ठिकानों पर जांच में 17 से अधिक जगह मिली गड़बड़ीपटना के तीन रेस्टोरेंट-बेकरी में छापेमारी, 26 किलो से अधिक खाद्य सामग्री नष्टपीडीए रथ यात्रा के दौरान जेसीबी की टक्कर से छात्र की मौत, 60 लोगों पर एफआईआरछपरा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सेवा की शपथ के साथ शुरू हुआ 50 भावी चिकित्सकों का सफर
बिहार | November 23, 2026 | ritu ranjan | 3 मिनट पढ़ने का समय | 1 पाठक

भारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई, मोदी और बालेन शाह के बीच अहम समझौते

भारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई, मोदी और बालेन शाह के बीच अहम समझौते

 

गरीब दर्शन/नई दिल्ली:भारत और नेपाल ने अपने ऐतिहासिक रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। रविवार को राष्ट्रपति भवन में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह का भव्य औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इसके बाद हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें आर्थिक सहयोग, ऊर्जा, संपर्क सुविधा और आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों एक-दूसरे की प्रगति और समृद्धि के साझेदार हैं। आपसी सम्मान, विश्वास और सद्भावना इन रिश्तों की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि संकट की हर घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा रहा है और आगे भी दोनों देश एक-दूसरे का सहयोग करते रहेंगे।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत की ओर से मिले सम्मान और आतिथ्य के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत के साथ नेपाल के संबंध बेहद मजबूत और ऐतिहासिक हैं। विपदा के समय भारत ने जिस तरह नेपाल की मदद की है, वह दोनों देशों की गहरी मित्रता और भरोसे को दर्शाता है।
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अगस्त में आई भीषण बाढ़ के बाद नेपाल में पुनर्निर्माण और विकास कार्यों के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विशेष विकास पैकेज की घोषणा की। भारतीय मुद्रा में इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। इस पहल को नेपाल के बुनियादी ढांचे और विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है।
दोनों नेताओं ने अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर संपर्क सुविधा के क्षेत्र में सहयोग का नया संदेश दिया। इसके साथ ही भारत और नेपाल के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास, आयुर्वेद और अन्य क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह के युवा नेतृत्व और दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देश मिलकर भारत-नेपाल संबंधों का स्वर्णिम अध्याय लिखेंगे। वहीं बालेन शाह ने दोहराया कि आपसी सम्मान और विश्वास ही दोनों देशों के रिश्तों की असली ताकत हैं।
प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनस्तर के संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। माना जा रहा है कि यह मुलाकात भारत और नेपाल के बीच सहयोग के नए रास्ते खोलेगी और क्षेत्रीय साझेदारी को नई दिशा देगी।

खबर साझा करें

FacebookXWhatsAppTelegramLinkedInRedditPinterestThreadsईमेल