गरीब दर्शन/फतेहपुर /उत्तर प्रदेश :जमीन और फसल के बंटवारे ने छह महीने तक दो सगे भाइयों के बीच ऐसी दरार पैदा कर दी कि रिश्ता मुकदमेबाजी और टकराव तक पहुंच गया। लेकिन गुरुवार को थरियांव थाने में ऐसा भावुक दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम कर दीं। पुलिस की पहल पर आमने-सामने आए दोनों भाई पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे के गले लग गए और फूट-फूटकर रोने लगे। भाइयों को इस तरह मिलते देख उनकी पत्नियां भी एक-दूसरे से लिपटकर रो पड़ीं।
एकारी गांव निवासी राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रत्नेश चंद्र श्रीवास्तव का बचपन बेहद संघर्षों में बीता। दोनों ने मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण किया। बेहतर भविष्य की तलाश में करीब 15 वर्ष पहले दोनों बंगलूरू चले गए। वहां मेहनत और लगन से कारोबार खड़ा किया और करोड़ों की संपत्ति अर्जित की। संघर्ष के दिनों में एक-दूसरे का सहारा बने दोनों भाइयों के बीच जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हुआ तो वर्षों का अपनापन छह महीने की नाराजगी में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि कई बार मारपीट और मुकदमेबाजी की नौबत आ गई।
मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तक पहुंची तो उन्होंने विवाद सुलझाने की पहल की। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाकर समझाइश की। बातचीत के दौरान उन्हें बचपन के संघर्ष, साथ बिताए दिनों और उन परिस्थितियों की याद दिलाई गई, जब दोनों ने मिलकर जिंदगी की मुश्किलों का सामना किया था।
पुरानी यादों ने दिलों के बीच जमी नाराजगी की दीवार ढहा दी। देखते ही देखते दोनों भाई एक-दूसरे के गले लग गए। आंखों से आंसुओं की धारा बह निकली। छह महीने से चला आ रहा विवाद कुछ ही पलों में रिश्तों की गर्माहट के आगे फीका पड़ गया। पुलिस की समझाइश से दोनों परिवारों के फिर एक होने पर थाने का माहौल भावुक हो गया।






