Thursday, 26 November 2026▤ई-पेपरआज का अंक पढ़ें | सच की आवाज
निष्पक्ष खबर • निर्भीक आवाज
ब्रेकिंग
आनंद मोहन की रिहाई रद्द, एक महीने में जेल लौटने का आदेशपैक्स चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए दो तथा प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए13 सदस्यों ने सहायक निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष दाखिल किया नामजदगी के पर्चेपटना में 26 नवंबर को सजेगा राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का मंच, बिहार को मिलेंगी डेयरी क्षेत्र की कई बड़ी सौगातेंबिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में AI का होगा इस्तेमाल, स्मार्ट एम्बुलेंस से लेकर बेड प्रबंधन तक बदलेगी व्यवस्थासुशासन की 21 वर्षों की यात्रा ने बिहार को दी नई पहचान : निशांतयोगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने पत्र लिखकर जताई संवेदनाध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 3 दिसंबर को अगली सुनवाईभारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई, मोदी और बालेन शाह के बीच अहम समझौते
दिल्ली | November 26, 2026 | ritu ranjan | 3 मिनट पढ़ने का समय | 1 पाठक

आनंद मोहन की रिहाई रद्द, एक महीने में जेल लौटने का आदेश

 

 

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के फैसले को पलटा, आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में बड़ा फैसला

 

गरीब दर्शन/नई दिल्ली:बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 1994 के चर्चित आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में शीर्ष अदालत ने उनकी समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्राधिकार के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद उन्हें दोबारा जेल जाना होगा। गुरुवार, 26 नवंबर को न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने यह अहम फैसला सुनाया। अदालत ने बिहार सरकार की ओर से 2023 में आनंद मोहन को दी गई सजा में छूट के आदेश को निरस्त कर दिया। साथ ही बिहार जेल मैनुअल में किए गए उस संशोधन को भी असंवैधानिक करार दिया, जिसके जरिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई के लिए पात्र बनाया गया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार कानून के मुताबिक नए सिरे से सजा में छूट देने की प्रक्रिया पर विचार कर सकती है। हालांकि, इसके लिए दिवंगत आईएएस अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया को सुनवाई का उचित अवसर देना होगा। यानी सरकार को रिहाई पर दोबारा विचार करने का अधिकार है, लेकिन निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।

क्या है पूरा मामला

यह मामला 5 दिसंबर 1994 का है। उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के दौरान आनंद मोहन बिहार पीपुल्स पार्टी के नेता और विधायक थे। आरोप था कि उन्होंने भीड़ को उकसाया था, जिसके बाद जिलाधिकारी पर हमला हुआ और उनकी जान चली गई। इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने 2007 में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में पटना हाईकोर्ट ने दिसंबर 2008 में मृत्युदंड को आजीवन कारावास में बदल दिया। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।

2023 में जेल से आए थे बाहर

बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में जेल मैनुअल के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया था। इसी बदलाव के बाद सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान हत्या के दोषियों को भी सजा में छूट देने के दायरे में शामिल किया गया। इसके बाद 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन जेल से रिहा हो गए थे। इस रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने बिहार सरकार के नियम संशोधन और रिहाई के फैसले पर सवाल उठाए थे। अब शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए रिहाई का आदेश रद्द कर दिया है।

कानून से ऊपर कोई नहीं

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को लोकसेवकों की सुरक्षा और न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अदालत ने साफ कर दिया है कि सजा में छूट देने का फैसला भी संवैधानिक और कानूनी कसौटी पर खरा उतरना चाहिए। अब आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा।

खबर साझा करें

FacebookXWhatsAppTelegramLinkedInRedditPinterestThreadsईमेल