सीओ के हड़ताल से हरसिद्धि अंचल कार्यालय सूना आमजन परेशान

सीओ के हड़ताल से हरसिद्धि अंचल कार्यालय सूना आमजन परेशान

कर्मियों की मनमानी बिना काम लौट रहे लोग संपर्क व्यवस्था भी नदारद 

 

गरीब दर्शन / हरसिद्धि :

अंचलाधिकारी (सीओ) के हड़ताल पर जाने के बाद हरसिद्धि अंचल कार्यालय की व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। स्थिति यह है कि कार्यालय लगभग विरान पड़ा हुआ है और आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ रहा है। जमीन, दाखिल- खारिज, आय- जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कार्यों के लिए दूर-दराज से आने वाले लोग निराश होकर वापस लौट रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अंचलाधिकारी ही हड़ताल पर हैं, तो कार्यालय के अन्य कर्मियों ने भी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया है। कई बार कार्यालय पहुंचने पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिलता, और अगर संयोग से कोई मिल भी जाए तो उनका एक ही जवाब होता है—“सीओ साहब हड़ताल पर हैं, हड़ताल खत्म होने के बाद आइए।” ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यालय में कार्यरत कर्मियों की लापरवाही चरम पर है। हड़ताल का असर आम जनता पर साफ दिख रहा है, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी इसे गंभीरता से लेने के बजाय मस्ती में समय गुजार रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था आमजन की सेवा के लिए होती है, लेकिन यहां हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। एक और बड़ी समस्या यह है कि अंचल कार्यालय के कर्मियों का मोबाइल या व्हाट्सएप नंबर सार्वजनिक नहीं किया गया है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति कार्यालय आने से पहले जानकारी लेना चाहे या किसी कर्मी से संपर्क करना चाहे, तो उसके पास कोई विकल्प नहीं है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हड़ताल के दौरान भी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को जरूरी सेवाओं से वंचित न होना पड़े। साथ ही कार्यालय कर्मियों की उपस्थिति और जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई जा रही है। फिलहाल, हरसिद्धि अंचल कार्यालय में पसरी खामोशी और अव्यवस्था लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *