— संघ के शताब्दी वर्ष विजयादशमी 2025 से होगी विशेष गतिविधियों का शुभारंभ
– वर्ग का शुभारंभ जिला संघ चालक, जिला प्रचारक एवं जिला कार्यवाह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया
गरीब दर्शन/ मोतिहारी – जिले के पताही प्रखंड के नवनिर्मित प्लस टू विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मोतिहारी एवं रक्सौल जिले का सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग का शुभारंभ शनिवार को देर शाम जिला संघचालक सुशील कुमार पांडेय, जिला प्रचारक शिवम सोनू एवं जिला कार्यवाह अजीत प्रकाश ने संयुक्त रूप से करतल ध्वनि के मध्य दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर संघ के इस कार्यक्रम में युवाओं की फौज उमड़ पड़ा।युवा शिक्षार्थियों को अपने संबोधन में जिला संघचालक श्री पांडेय ने कहा कि संघ भारतीय संस्कृति के संवर्धन के साथ-साथ वसुधैव कुटुंबकम् के भाव को मानकर समाज एवं राष्ट्र को समर्पित, चरित्रवान व्यक्तियों का निर्माण करता आ रहा है। संघ ने आज तक देश के करोड़ों युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के लिए समर्पण एवं सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया है जो आज समाज एवं राष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य करते आ रहे हैं। “संघ सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया” के भाव के साथ समरसता एवं सामाजिक सद्भाव को लेकर चलता है। उन्होंने कहा कि देश में हर वर्ष प्राथमिक शिक्षा वर्ग का आयोजन कर युवा शक्ति को बौद्धिक व शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाता है। संघ राष्ट्र के लिए मानव निर्माण का कार्यक्रम कर रहा है।उन्होंने संघ की विशद व्याख्या करते हुए कहा कि संघ की स्थापना 1925 में राष्ट्र को फिर से विश्व गुरु बनाने के लिए संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। अभी संघ अपने शताब्दी वर्ष की ओर अग्रसर है। विजयादशमी 2025 से शताब्दी वर्ष का शुभारंभ होगा तत्पश्चात संघ पूरे देश में विशेष गतिविधियों का आयोजन करेगा।
जिला प्रचारक शिवम सोनू ने अपने संबोधन में कहा कि संघ बहुसंख्यक हिंदू समुदाय को मजबूत करने के लिए हिंदुत्व की विचारधारा का प्रचार करता है। साथ ही संघ भारतीय संस्कृति और नागरिक समाज के मूल्यों को बनाए रखने हेतु आदर्शों को बढ़ावा देता है।
मौके पर जिला कार्यवाह अजीत प्रकाश ने कहा कि इस वर्ग में कल 37 शिक्षार्थी भाग ले रहे हैं जहां इन्हें प्रशिक्षण कल में बौद्धिक, शारीरिक प्रशिक्षण, योग, व्यायाम नियुध एवं विभिन्न प्रकार के खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का समापन आगामी 30 मार्च को होगा। खंड कार्यवाह सुजीत पांडेय ने संघ के अधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संघ केवल संगठन नहीं बल्कि एक विचारधारा है जो समाज को जोड़ने और सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष में संघ अपनी गतिविधियों को और व्यापक बनाने का संकल्प लेता है ताकि रास्ते के पुनर्निर्माण में हर नागरिक की भूमिका सुनिश्चित हो। मौके पर जिला सह कार्यवाह प्रदीप कुमार, मोतिहारी नगर कार्यवाह संजीव कुमार, जिला प्रचार प्रमुख राकेश कुमार तिवारी वर्ग कार्यवाह उदय जी,मुख्य शिक्षक गौतम कुमार, व्यवस्था प्रमुख अतुल्य कुमार, शशि भूषण शर्मा, ओमप्रकाश कुमार,सुधीर कुमार, लक्ष्मी नारायण जी, भरत सिंह, प्रकाश कुमार, उमाशंकर आर्य, राजा कुमार, मानस पांडेय, धर्मेंद्र कुमार डॉक्टर अमित द्विवेदी अवनीश कुमार, अरुण कुमार सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।


