राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पूर्वी चंपारण देश का सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला घोषित

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पूर्वी चंपारण देश का सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला घोषित

गरीब दर्शन/दिल्ली/पटना।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी को दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में पूर्वी चंपारण जिले को देशभर में सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला (Best Election District Award) के सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चयनित किए जाने के बाद भारत की माननीय राष्ट्रपति महोदया के हाथों प्रदान किया गया। जिले की ओर से यह सम्मान जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण ने ग्रहण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि यह गौरवपूर्ण उपलब्धि जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, निर्वाचन से जुड़े कर्मियों, मतदाताओं और आम जनता के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टीमवर्क, अनुशासन और तकनीकी नवाचारों के कारण जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। निर्वाचन के दौरान पूर्वी चंपारण जिले में स्वचालित जीपीएस आधारित CAPF तैनाती प्रणाली विकसित की गई, जिससे सुरक्षा बलों की तैनाती योजना कई दिनों के बजाय कुछ ही मिनटों में पूर्ण सटीकता के साथ तैयार की जा सकी। GPS विश्लेषण के माध्यम से सभी मतदान केंद्रों पर बलों का अनुकूल आवंटन सुनिश्चित किया गया। इसके साथ ही QR-कोड आधारित नेविगेशन, इंटरैक्टिव बूथ मैपिंग, पूर्व-मुद्रित रजिस्टर और रियल-टाइम डैशबोर्ड जैसे आधुनिक डिजिटल टूल्स का प्रभावी उपयोग किया गया। इन नवाचारों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निर्बाध, शांतिपूर्ण और शून्य घटनाओं के साथ सम्पन्न हुई। साथ ही मतदान प्रतिशत में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2020 में जहां मतदान प्रतिशत 60.28 प्रतिशत था, वहीं 2025 में यह बढ़कर 71.55 प्रतिशत तक पहुंच गया। बिहार विधान सभा आम निर्वाचन को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में जिले की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और नवीन तकनीकी पहलों के चलते ही पूर्वी चंपारण को यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न सिर्फ जिला प्रशासन बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारियों, निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी कर्मियों तथा जिलेवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *