अरेराज में माँ सुथरा विद्यापीठ में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

अरेराज में माँ सुथरा विद्यापीठ में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

छात्रों ने दिखाई प्रतिभा की चमक

गरीब दर्शन / अरेराज

अरेराज अनुमंडल अंतर्गत सुजायतपुर स्थित माँ सुथरा विद्यापीठ के प्रांगण में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान एवं तकनीक से जुड़ी विविध परियोजनाओं के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और देशभक्ति की भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और कौशल को देखकर उपस्थित अतिथि, अभिभावक एवं आगंतुक अभिभूत नजर आए। विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन अरेराज प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य नारायण दीक्षित, वरिष्ठ पत्रकार सुमित कुमार सिंह एवं केबीसी विजेता सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य नारायण दीक्षित ने कहा कि विद्यालय द्वारा इस तरह के शैक्षणिक एवं नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। बच्चे देश का भविष्य होते हैं और समय-समय पर इस प्रकार के आयोजनों से उनके भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। ऐसे विद्यार्थी आगे चलकर देश के नव निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं केबीसी विजेता सुशील कुमार ने छात्रों की मेहनत और नवाचार की खुले दिल से सराहना की तथा कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों द्वारा विज्ञान के जटिल विषयों को सरल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना प्रशंसनीय है। इससे उनमें आत्मविश्वास और वैज्ञानिक सोच का विकास होता है प्रदर्शनी में छात्रों ने ऊर्जा बचत, विद्युत सीढ़ी, वायु प्रदूषण, चंद्रयान-3, भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट से बचाव, हाइड्रो पावर प्लांट, सिंचाई एवं जल प्रबंधन, रॉकेट, मिसाइल, स्मार्ट सिटी, सौर ऊर्जा, चिकित्सा उपकरण तथा भारतीय सैनिकों के लिए नए-नए तकनीकी उपकरणों के मॉडल स्वयं तैयार कर प्रदर्शित किए। इन परियोजनाओं ने न केवल विज्ञान के प्रति बच्चों की समझ को दर्शाया, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी उजागर किया।

विद्यालय के निदेशक अनिल कुमार सिंह स्वयं छात्रों द्वारा प्रदर्शित परियोजनाओं को देखते हुए उनसे जानकारी लेते नजर आए।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों के हुनर की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन को धन्यवाद दिया। विद्यालय के चेयरमैन रवि रंजन सिंह गरीब दर्शन संपादक विकाश राय को सम्मानित किए । कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के चेयरमैन रवि रंजन सिंह, प्रबंधक सुमित कुमार शुक्ला सहित शिक्षकगण आशीष सिंह, कन्हैया अग्रवाल , साहिल आलम, मदन मोहन श्रीवास्तव, अजय गिरी , सर्वजीत पाण्डेय, रजनीश मिश्रा, मनीष मिश्रा, ज्योति कुमार सिंह , रंजन कुमार , रुबी पाण्डेय, रूपा कुमारी, पूजा तिवारी, तन्नु चौबे, पल्लवी कुमारी, सिमरन कुमारी एवं विद्यालय के सभी कर्मचारीगण की सराहनीय भूमिका रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *