वैशाली में दर्दनाक हादसा: पोखर में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत गांव में पसरा मातम
गरीब दर्शन/लालगंज/पटेढ़ी बेलसर –
वैशाली जिले के मझौली पंचायत क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से 8 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मझौली पंचायत निवासी कमलेश्वर पासवान के 8 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरज गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह गांव के समीप स्थित पोखर के पास पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी से भरी पोखर में जा गिरा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण पोखर में काफी पानी भरा हुआ था, जिससे बच्चे को बचाने में कठिनाई हुई। घटना के बाद साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद नीरज को पोखर से बाहर निकाला गया।
इसके बाद परिजन एवं ग्रामीण उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी डॉक्टर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलने पर मझौली पंचायत के मुखिया संजीव सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं पंचायत के पैक्स अध्यक्ष निरतपाल कुमार भी मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
इधर, ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर बेलसर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया।

