दो बदमाश गिरफ्तार : 9.79 लाख रुपये नकद व विदेशी मुद्रा बरामद
राजीव रंजन मिश्रा/गरीब दर्शन / नई दिल्ली।
पुलिस की पांडव नगर थाना टीम ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मेरठ से दो कथित बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9.79 लाख रुपये मूल्य की भारतीय नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर मेरठ में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उनके पास से भारतीय रुपये के साथ विदेशी करेंसी भी बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत करीब 9.79 लाख रुपये बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के दिल्ली-एनसीआर में कथित रूप से अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने की आशंका जताई गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद नकदी और विदेशी मुद्रा का स्रोत क्या है तथा इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस आयुक्त ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

