मोतिहारी मुठभेड़ में जवान श्री राम यादव शहीद दो अपराधी ढेर दो गिरफ्तार

मोतिहारी मुठभेड़ में जवान श्री राम यादव शहीद दो अपराधी ढेर दो गिरफ्तार

गरीब दर्शन / मोतिहारी :

पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक बहादुर पुलिस जवान श्री राम यादव शहीद हो गए। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधियों को मार गिराया गया, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 16 मार्च 2026 को एक वायरल वीडियो के आधार पर चकिया थाना कांड संख्या 115/26 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी कुंदन ठाकुर अपने गिरोह के साथ हथियारों से लैस होकर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में पुलिस जवान श्री राम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें शहीद घोषित कर दिया। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुंदन ठाकुर और उसके साथी प्रियांशु कुमार को मार गिराया। दोनों को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मौके से संत कुमार तिवारी और ऋषभ तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें एक कार्बाइन, दो पिस्टल, दो देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और 17 खोखा शामिल हैं। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क को खंगालने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, मारे गए अपराधी कुंदन ठाकुर पर विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज थे। इस सफल कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं शहीद जवान श्री राम यादव के बलिदान को पुलिस विभाग ने नमन करते हुए उनके परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *