कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार

कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार

गरीब दर्शन/नई दिल्ली।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। वह ओखला मंडी में काम करता है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आसिफ ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब सात बजे की है। पीड़िता अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन करने गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका और लड़की को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान स्थान पर ले गए। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने हथियारों के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद अमर कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पीड़िता की चिकित्सकीय जांच एम्स में कराई गई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक पिस्तौल और बाइक बरामद करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, आसिफ की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया था। मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *