पंजाब पेपर लीक विवाद पर दिल्ली में भाजपा का प्रदर्शन

पंजाब पेपर लीक विवाद पर दिल्ली में भाजपा का प्रदर्शन

*आप कार्यालय के बाहर किया धरना*

राजिव रंजन मिश्रा/ गरीब दर्शन/नई दिल्ली।

पंजाब में कथित भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने किया, जिसमें पार्टी के सांसदों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
फिरोजशाह रोड स्थित आप कार्यालय के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता प्रभावित हुई है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड्स पार करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस के साथ हल्की झड़प हुई। हालांकि, मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया। भाजपा का कहना है कि 19 जुलाई को बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज द्वारा आयोजित फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के बाद यह मुद्दा गंभीर हो गया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि पंजाब में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल की घटनाएं सामने आई हैं। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्रियों के इस्तीफे की मांग दोहराई। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह नकल का संगठित रैकेट था, जिसका पुलिस ने समय रहते खुलासा किया। उनके अनुसार, मामले में सात कथित मास्टरमाइंड गिरफ्तार किए गए हैं तथा 28 अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जांच में अब तक पेपर लीक या किसी सरकारी अधिकारी की संलिप्तता के प्रमाण नहीं मिले हैं। भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो पार्टी पहले नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार को घेर रही थी, वह अब पंजाब के मामले में जवाब देने से बच रही है। पार्टी ने छात्रों को न्याय और भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।फिलहाल यह मुद्दा दिल्ली की सड़कों से लेकर संसद तक राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। उक्त जानकारी पिंकेश राणा बीजेपी अध्यक्ष महिला मोर्चा न्यू दिल्ली ने दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *