होटल में चल रही शराब पार्टी पर छापा सिविल सर्जन कार्यालय का लिपिक समेत आधा दर्जन गिरफ्तार
गरीब दर्शन / मोतिहारी –
शहर में रविवार की देर शाम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया। सदर एसडीओ अरुण कुमार एवं प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के चर्चित सिमरन होटल में छापेमारी कर सिविल सर्जन कार्यालय के लिपिक (बड़ा बाबू) अर्पण सहित होटल संचालक और एक अन्य होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान कमरे में शराब पार्टी चल रही थी। पुलिस ने मौके से विदेशी शराब की कई बोतलें, गिलास और अन्य सामान बरामद किए। साथ ही लगभग 80 हजार रुपये नकद भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने उक्त राशि को जब्त कर लिया है और उसके स्रोत की जांच शुरू कर दी है।प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में अवैध रूप से शराब पार्टी आयोजित की गई है। सूचना मिलते ही सदर एसडीओ अरुण कुमार और प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह ने त्वरित रणनीति बनाकर पुलिस टीम के साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल परिसर में अफरातफरी मच गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शराबबंदी कानून के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई नकदी को लेकर भी कई बिंदुओं पर तहकीकात की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि शराब पार्टी के साथ-साथ किसी बड़ी आर्थिक डील की भी योजना हो सकती थी।सदर अस्पताल से जुड़े कर्मचारी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही शहर में चर्चा का माहौल गर्म हो गया। आम लोगों में यह संदेश गया है कि प्रशासन अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाए हुए है, चाहे आरोपी किसी भी विभाग से क्यों न जुड़ा हो। सदर एसडीओ अरुण कुमार ने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या कानून उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि मोतिहारी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर अब शिकंजा और कसने वाला है।


