शरण कॉम्प्लेक्स में छापेमारी अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट सील
खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर गड़बड़ी
अन्य होटलों से भी नमूने लिए गए
गरीब दर्शन/मोतिहारी।
सदर अनुमंडल प्रशासन ने गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं जन-स्वास्थ्य को लेकर शरण कॉम्प्लेक्स और पानी टंकी क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया।कार्रवाई के दौरान पानी टंकी स्थित अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसे अस्थायी रूप से सील कर दिया गया।निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, नगर निगम प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में अग्निशमन यंत्र एवं फायर एनओसी का अभाव, अस्वच्छ वातावरण में खाद्य निर्माण, मिलावट के संकेत, कर्मचारियों द्वारा बिना ग्लव्स-हेडगियर कार्य करना, उपयोग किए गए तेल का अनुचित भंडारण तथा चूहों की मौजूदगी जैसी खामियां पाई गईं। साथ ही कच्ची बिलिंग और विधिक माप विज्ञान प्रमाण पत्र के अभाव की भी बात सामने आई।खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जन-स्वास्थ्य को देखते हुए नमूना संग्रहित कर Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत प्रतिष्ठान को सील किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जायसवाल होटल समेत आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों में भी खाद्य सामग्री का अस्वच्छ भंडारण और अग्निशमन सुरक्षा में कमी पाई गई। हालांकि तत्काल सीलिंग की स्थिति नहीं बनी, लेकिन नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। नगर निगम ने स्वच्छता उल्लंघन पर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शरण कॉम्प्लेक्स स्थित शाखा को सील करने के दौरान कुछ व्यापारिक संगठनों के सदस्यों द्वारा आपत्ति जताई गई। प्रशासन ने कहा कि पूरी कार्रवाई विधिसम्मत तरीके से की गई है और जन-स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा। अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी एवं अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।




