अकोइजम प्रकरण पर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
राहुल गांधी से कार्रवाई की मांग, ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ के तहत निकाला मार्च
गरीब दर्शन/नई दिल्ली।
कथित यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के बाहर प्रदर्शन किया। ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से मामले में जवाबदेही तय करने और संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल से मार्च निकाला। इसका नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रभारी डग्गुबती पुरंदेश्वरी ने किया। प्रदर्शन में महिला सांसदों, विधायकों, पार्षदों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित सांसद के इस्तीफे तथा पार्टी से निष्कासन की मांग उठाई।
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि महिलाओं से जुड़े गंभीर आरोपों पर राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए और शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने डीडीयू मार्ग और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। भारी पुलिस तैनाती के बीच प्रदर्शन हुआ। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन जेएनयू से जुड़े कथित यौन और मानसिक उत्पीड़न के मामले को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस प्रदर्शन पर कांग्रेस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

