CJP का दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख मांगी

CJP का दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख मांगी

गरीब दर्शन/नई दिल्ली।

 मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। पार्टी के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास सोमवार सुबह संसद मार्ग थाने पहुंचे और दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए नई तारीख निर्धारित करने की मांग की।

पार्टी नेताओं ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित समय के भीतर प्रदर्शन की तारीख नहीं बताई गई तो पार्टी खुद आंदोलन का आह्वान करेगी। सीजेपी का आरोप है कि पिछले दो दिनों में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और उन्हें जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोका गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर युवा अपनी नाराजगी जाहिर करना चाहते हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने भारी बैरिकेडिंग और मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार बंद किए जाने से आम लोगों को हुई परेशानी का मुद्दा उठाया।

सीजेपी नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार पर अंकुश लगाने की कोशिश बताया। उनका दावा है कि आंदोलन दिल्ली से आगे देश के अन्य हिस्सों में भी फैल सकता है। वहीं, पुलिस की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रदर्शन के लिए निर्धारित अनुमति प्रक्रिया का पालन करने की बात कही गई है।

इस बीच, विपक्षी इंडिया ब्लॉक के नेताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट की तरफ मार्च की तैयारी की बात भी सामने आई है। दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की सूचना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *