- रजतद्वार जानकी मन्दिर प्रांगण में हुआ भव्य आयोजन
गरीब दर्शन / सीतामढ़ी : श्री जानकी प्राकट्य स्थली तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एवम हनुमान सेना के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को शहर स्थित रजतद्वार जानकी मन्दिर प्रांगण में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में श्री हनुमान आराधना का आयोजन किया गया। साथ ही उत्साह पूर्वक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई।
इस अवसर पर ख्यातिप्राप्त व्यास व संगीतकारों की टोली ने ऐसा समा बांधा की वातावरण में भक्तिभाव का प्रवाह होता रहा। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भाव नृत्य व संगीत पर मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु भावविह्वल होकर झूमते रहे। आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली कई महिला संगठन की सदस्यों को सम्मानित किया गया। ट्रस्ट के महिला विंग की अध्य्क्ष सीमा गुप्ता द्वारा कलवार महिला समिति और अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति के सदस्यों के अलावा कई महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
कलवार महिला समिति से डॉ. लता गुप्ता, सह सचिव नीरा गुप्ता, सदस्य भारती देवी व रजनी जयसवाल को सम्मानित किया गया। वहीं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष सविता हिसारिया, सचिव इंदिरा हिसारिया व कोषाध्यक्ष ज्योति हिसारिया को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जबकि कार्यक्रम में पहुँचे पूर्व विधायक सुनील कुमार कुशवाहा समेत अन्य का भी श्रीकृष्ण – राधा पट्टिका से स्वागत किया गया। श्री हनुमान सेना द्वारा मनोहारी मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों सदस्यों ने भागीदारी दी। कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय स्वर्णकार, सचिव सह नगर परिषद सीतामढ़ी के पूर्व सभापति सुवंश राय, अरविंद कुमार सिंह, संजय कुमार पप्पू, वैदेही शरण व अनिल पाण्डेय समेत अन्य दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।


