सेक्टर-69 में रेडी-मिक्स प्लांट के खिलाफ बढ़ा लोगों का रोष
*प्रदूषण, गंदे पानी और तेज शोर से परेशान हैं स्थानीय निवासी, मुख्यमंत्री से लेकर प्रशासन तक लगा चुके हैं गुहार*
गरीब दर्शन / गुरुग्राम।
गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित रिहायशी क्षेत्र में संचालित रेडी-मिक्स प्लांट को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि रिहायशी सोसायटियों, स्कूल और घनी आबादी के बीच संचालित प्लांट से प्रदूषण, गंदे पानी के बहाव और तेज शोर की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसको लेकर स्थानीय लोग मुख्यमंत्री से लेकर संबंधित विभागों और सामाजिक माध्यमों तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्लांट ट्यूलिप येलो, ट्यूलिप वायलेट, ट्यूलिप लेमन सहित कई रिहायशी सोसायटियों और आसपास के गांवों के बीच स्थित है। क्षेत्र में स्थित विवेकानंद स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग पर भी प्लांट से निकलने वाले गंदे पानी के कारण कीचड़ और गंदगी की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। समाजसेवी इंजीनियर आर.के. जायसवाल, पूजा आनंद, सौरभ गोयल, शांतनु, वायलेट सोसायटी के अध्यक्ष अनिल अरोड़ा, शाहिल कपूर, जतिन दहिया, अंकित गंभीर, राहुल गोयल, हितेश, सुनील, अंकित अरोड़ा, पीयूष होता, पूजा बंसल सहित अन्य निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या पहले से गंभीर है। उनके अनुसार, प्लांट की गतिविधियों के दौरान सड़क पर गंदा पानी फैलने से आवागमन प्रभावित होता है और आसपास का वातावरण भी खराब होता है। निवासियों का आरोप है कि सुबह और रात के समय प्लांट से निकलने वाला तेज शोर बच्चों की पढ़ाई को प्रभावित कर रहा है। लगातार शोर के कारण बुजुर्गों और अन्य लोगों को भी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र के आसपास इस प्रकार की गतिविधियों से उनके स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से मामले की तत्काल जांच कराने, मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने तथा प्रदूषण, गंदे पानी और शोर की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल में रहने का अधिकार है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि समाधान नहीं होने पर वे अपनी मांग को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष और मजबूती से उठाएंगे।

