पूर्वी चंपारण को मिला भारत निर्वाचन आयोग से प्रथम स्थान

 

जिलाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल को मिलेगा सम्मान

गरीब दर्शन / मोतिहारी – लोकसभा चुनाव 2024 के बेहतर प्रबंधन के लिए पूर्वी चंपारण जिला को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रथम स्थान पर चयनित किया गया है। इस उपलब्धि पर माननीय राष्ट्रपति महोदया द्वारा जिलाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल को 25 जनवरी 2025 को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार चुनाव संचालन में बेहतर प्रबंधन, आईटी, सुरक्षा प्रबंध के क्षेत्र में नवाचारों और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जाएगा। पूर्वी चंपारण जिले में लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान कुल 3498 मतदान केंद्रों पर लगभग 30,000 मतदान कर्मियों ने चुनाव संचालन किया। जिले में दो संसदीय क्षेत्र पूर्वी चंपारण और शिवहर के साथ-साथ तीन विधानसभा क्षेत्र रक्सौल, सुगौली और नरकटिया पश्चिम चंपारण संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। इस चुनाव में 35 लाख मतदाताओं में से 20 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही, जिलाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल ने चार जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनाव का सफल आयोजन कराया। इस सम्मान के लिए जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन के सभी कर्मियों की कड़ी मेहनत और नागरिकों के सहयोग का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को मनाया जाता है, और इस दिन को भारत के चुनावी सुधारों और चुनाव प्रबंधन में नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर माना जाता है। यह पुरस्कार पूर्वी चंपारण के लिए गर्व की बात है, और यह पुरस्कार बिहार के चुनावी इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *