मुख्यमंत्री ने पेड़ को बांधी राखी वृक्ष सुरक्षा दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मुख्यमंत्री ने पेड़ को बांधी राखी वृक्ष सुरक्षा दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राजधानी वाटिका में नागलिंगम का पौधा लगाया पेड़ों की रक्षा को बताया सामूहिक जिम्मेदारी

गरीब दर्शन / पटना :

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना स्थित राजधानी वाटिका-1 में वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर पेड़ को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नागलिंगम के पौधे का रोपण भी किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष सुरक्षा दिवस का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना, पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना तथा अधिक से अधिक पौधारोपण को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों और वृक्षों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पेड़ हमें स्वच्छ वायु देने के साथ जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने और जैव विविधता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी अभियान न मानकर इसे जनभागीदारी का आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिहारवासी अब पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं की सुरक्षा और वृक्षारोपण के प्रति लगातार जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्षों की रक्षा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी हुई है। वृक्ष सुरक्षा दिवस पर पेड़ को राखी बांधने की पहल इसी भाव को मजबूत करती है कि जिस प्रकार हम अपने प्रियजनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और हरित बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *