मोतिहारी में पहली बार ‘शौर्य वेदनाम उत्सव’ का भव्य आयोजन

भारतीय सशस्त्र बलों ने दिखाया अद्भुत सैन्य प्रदर्शन

गरीब दर्शन / मोतिहारी – बिहार के मोतिहारी में पहली बार भारतीय सशस्त्र बलों के सैन्य शक्ति प्रदर्शन का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। ‘शौर्य वेदनाम उत्सव – 2025’ का शुभारंभ 7 मार्च 2025 को हुआ, जिसमें भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना ने अपने अत्याधुनिक हथियारों, सैन्य कौशल और अद्भुत युद्धक क्षमताओं का प्रदर्शन किया। गांधी मैदान, मोतिहारी में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ी। इस ऐतिहासिक आयोजन में बिहार के माननीय राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान, सांसद और रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री राधा मोहन सिंह, बिहार सरकार के मंत्रीगण एवं विधायकगण, मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, झारखंड और बिहार सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल विकास भारद्वाज, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत सेना एवं सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज के छात्रों, एनसीसी कैडेटों और नागरिकों की भारी भागीदारी देखी गई।गांधी मैदान में सैन्य शक्ति के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया।जिसमें,भारतीय सेना के टी-90 टैंक, के-9 वज्र स्व-चालित तोप, बीएमपी वाहन और स्वदेशी हथियार लोकेटिंग रडार (WLR) स्वाति का प्रदर्शन। भारतीय वायु सेना के तीन Su-30 लड़ाकू विमानों, दो AN-32 परिवहन विमानों और चेतक हेलीकॉप्टरों की रोमांचक फ्लाईपास्ट किया। आकाश गंगा टीम ने 8000 फीट की ऊंचाई से लड़ाकू फ्री फॉल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। भारतीय नौसेना के अधिकारियों ने नौसेना की त्रि-आयामी क्षमताओं पर चर्चा की और युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।नौसेना बैंड के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।कार्यक्रम के तहत पूर्व सैनिकों के लिए पुनर्वास निदेशालय द्वारा रोजगार मेला (Job Fair) का आयोजन किया गया, जिसमें दूसरा करियर चुनने के लिए विभिन्न संसाधन और नेटवर्किंग अवसर उपलब्ध कराए गए। भारतीय सेना के क्षेत्रीय भर्ती कार्यालयों ने युवाओं से संपर्क कर उन्हें करियर के अवसरों और सेना में नवीनतम विकास के बारे में जानकारी दी। सशस्त्र बलों के शहीद वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक स्मारक स्थल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उपस्थित नागरिकों और गणमान्य अतिथियों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में शुक्रवार की रात 7:00 बजे भारतीय सेना द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। ‘शौर्य वेदनाम उत्सव – 2025’ का यह आयोजन युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने और देश की सैन्य शक्ति को करीब से जानने का एक दुर्लभ अवसर प्रदान कर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *