मोतिहारी सदर अस्पताल का स्त्री रोग विभाग बदहाली की भेंट, मरीज परेशान
गरीब दर्शन / मोतिहारी –
पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय स्थित मोतिहारी सदर अस्पताल का स्त्री रोग विभाग इन दिनों बदहाल व्यवस्था का शिकार है। नए भवन में विभाग संचालित तो हो रहा है, लेकिन सीनियर महिला डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों ने आरोप लगाया कि विभाग केवल जूनियर डॉक्टरों के सहारे चल रहा है। ये डॉक्टर महज़ कागजी खानापूर्ति कर रहे हैं। मरीजों को अक्सर यह कहकर टाल दिया जाता है कि “मैडम सुबह आएँगी”, लेकिन किस डॉक्टर की बात हो रही है, इसकी जानकारी खुद ड्यूटी पर मौजूद जूनियर डॉक्टरों को भी नहीं होती। अस्पताल परिसर में ड्यूटी पर तैनात गार्ड और कुछ कर्मियों पर यह आरोप भी लगा कि वे खास लोगों को लाइन से अलग कर जांच करवाते हैं, जबकि आम मरीज घंटों लाइन में खड़े रहते हैं। सूत्रों का कहना है कि कई बार मरीजों को गुमराह कर निजी क्लीनिकों तक भेजा जाता है, जिससे सरकारी अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीज ठगा महसूस करते हैं। इस मामले में जानकारी लेने के लिए 11 सितम्बर 2025 को सिविल सर्जन के मोबाइल नंबर (+91 94700 03180) पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। फोन न उठाया जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि विभाग की यह बदहाल व्यवस्था कहीं न कहीं ऊपरी संरक्षण में पनप रही है।


