इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की बीएड परीक्षा में संत जय राम दास कॉलेज ऑफ एजुकेशन का दबदबा
टॉप-5 में पांचों विद्यार्थी
गरीब दर्शन / महेंद्रगढ़ :
पाली महेंद्रगढ़ स्थित संत जय राम दास कॉलेज ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के अधीन बीएड सत्र 2024-26 के द्वितीय वर्ष की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय स्तर पर जारी परीक्षा परिणाम में शीर्ष पांच स्थानों पर इसी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। एक ही संस्थान के पांच विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय की टॉप-5 सूची में स्थान बनाना महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। परीक्षा परिणाम के अनुसार कीर्ति कुमारी ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। खुशी यादव ने 87.7 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान, शिवानी नेहरा ने 86.4 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान, कृति ने 86.27 प्रतिशत अंक के साथ चौथा स्थान तथा महक रानी ने 85.87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता से महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के अध्यक्ष मनीष यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी तरह निरंतर मेहनत करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया। संस्था के उपाध्यक्ष रतन सिंह ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों और संस्थान के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में अभिभावकों के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कामना की कि महाविद्यालय परिवार भविष्य में भी इसी प्रकार की उपलब्धियां हासिल करता रहे और शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान का नाम लगातार ऊंचा हो। महाविद्यालय के प्राचार्य सतपाल सिंह ने कहा कि एक ही संस्थान के पांच विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय की शीर्ष पांच सूची में स्थान प्राप्त करना शिक्षण संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।

